Breaking News

जन स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार : कमीशनखोरी के खेल में कितनी मछलियाँ, कितने मगरमच्छ, क्या सामने आएगा असली सच ?

    

  • विजिलेंस जांच में हो सकता है बड़ा खुलासा, कई बड़ी मछलियों के साथ फंस सकते हैं मगरमच्छ
  • मामले को दबाने के लिए विलेज ईरा के पास भी आया कमीशन में हिस्से का आफर 



संदीप कम्बोज 

हरियाणा के सिरसा व फतेहाबाद में जन स्वास्थ्य विभाग में जिस तरह से ठेकेदारों से कमीशनखोरी का खुल्लम खुला खेल चल रहा है, उससे एक बात तो साफ है कि विभाग के भ्रष्ट अधिकारियों व कर्मचारियों पर बहुत बड़ा हाथ है।(Corruption-in-Public-Health-Department-haryana-Will-the-real-truth-of-commissioning-come-out) इन भ्रष्टाचारियों की जड़ें किसी न किसी नेता या वरिष्ठ अधिकारियों से ही जुड़ी प्रतीत हो रही हैं। क्योंकि विलेज ईरा द्वारा सिरसा जन स्वास्थ्य विभाग के जिस भ्रष्ट कर्मचारी द्वारा ठेकेदारों संग की गई कमीशनखोरी की पोल खोली गई थी, उसके चंद दिन बाद ही फतेहाबाद जन स्वास्थ्य विभाग के एक डिप्टी सुपरिटेंडेंट शमशेर सिंह को विजिलेंस ने एक ठेकेदार से बिल पास करवाने की एवज में 4 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है। विजिलेंस की यह कार्रवाई विलेज ईरा द्वारा चंद रोज पूर्व सिरसा जन स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी द्वारा बिल पास करवाने की एवज में ठेकेदार से 10 फीसद कमीशन के तौर पर ली गई 14 हजार रुपए की रिश्वत संबंधी प्रकाशित समाचार पर पूरी तरह से मुहर लगाती है। और सबसे मजेदार बात यह है कि इन दोनों ही जगह एक ही एक्सीएन तरुण गर्ग की तैनाती है। एक्सीएन तरुण गर्ग को जब हमने सिरसा जन स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी द्वारा ठेकेदार से पेमेंट पास करवाने की एवज में ली गई रिश्वत बारे बात की थी तो वे तिलमिला गए थे और अपने विभाग को पूरी तरह से दूध का धुला बता रहे थे। अब सवाल उठता है कि ठेकेदारों से कमीशनखोरी के इस खेल में किस-किस अधिकारी, कर्मचारी व किस-किस नेता की हिस्सेदारी है। जन स्वास्थ्य विभाग में जिस तरह से पूरी तरह से निडर होकर खुल्ल्म खुला ठेकेदारोें से कमीशन लिया जा रहा है, इसके पीछे बड़े से बड़े नेताओं के मिलीभगत की भी पूरी संभावना है बशर्ते ईमानदार खट्टर सरकार ईमानदारी से जांच करवाए तो। इस कमीशनखोरी के खेल में बड़ी-बड़ी वे मछलियां भी फंस सकती हैं जो जन स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। क्योंकि विलेज ईरा के हाथ कुछ ऐसे सुराग लगे हैं जिससे यह साबित होता है कि जन स्वास्थ्य विभाग में यह भ्रष्टाचार आज से नहीं बल्कि पिछले कई सालों से चलता आ रहा है। विलेज ईरा द्वारा जन स्वास्थ्य विभाग में चल रहे भ्रष्टाचार का काला सच सामने लाने के बाद हमारे पास कई ठेकेदारों व विभाग से सेवानिवृत्त हो चुके अफसरों, कर्मचारियों ने संपर्क साध इस मामले को दोबारा से प्रकाशित न करने की गुहार लगाई है। और सबसे बड़ी बात ये भ्रष्टाचारी विलेज ईरा को भी इस भ्रष्टाचार का हिस्सेदार बनाना चाहते हैं। इस मामले को दबाने बाबत हमारे प्रबंध संपादक चंद्रमोहन शर्मा को मलाई खाने का आॅफर तक दिया गया है जिसके सबूत हमारे पास मौजूद हैं। लेकिन विलेज ईरा ने पहले दिन से ही भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार करने की सौगंध खाई है। हमने समाचार पत्र की शुरुआत के पहले दिन से ही पाठकों से वादा किया है कि  विलेज ईरा कभी भी किसी भी परिस्थिति में किसी भी भ्रष्टाचारी से कोई समझौता नहीं करेगा। हमारा काम भ्रष्टाचार व भ्रष्टाचारियों को बेनकाब करना है और हम यह डंके की चोट पर करते रहेंगे। अब विजिलेंस से उम्मीद है कि वह इस मामले की तह तक जाकर हर उस भ्रष्टाचारी को बेनकाब करे जिसके तार इस कमीशनखोरी के खेल से जुड़े हैं। ऐसा हो नहीं सकता घूस लेते पकड़ में आया डिप्टी सुपरिटेंडेंट शमशेर सिंह अकेला ऐसा कर रहा हो। मजा तो तब है जब विजिलेंस एक-एक कर विभाग के सभी आकाओं व उन नेताओं को भी सामने लाए जो इस भ्रष्टाचार व कमीशनखोरी के खेल में संलिप्त हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि विजिलेंस की आगे की कार्रवाई क्या रहती है। क्या महज डिप्टी सुपरिटेंडेंट को ही दोषी बनाकर बाकि अन्य को बचा दिया जाएगा। या फिर एक-एक कर तमाम वो चेहरे सामने लाए जाएंगे जो सालों से ठेकेदारों से कमीशनखोरी का यह गंदा खेल खेलते आ रहे हैं।                                                                                   

                                                                                                            लेखक विलेज ईरा के मुख्य संपादक हैं  


गाँवों की धड़कन विलेज ईरा समाचार पत्र को पढ़ने के लिए जल्दी से लोगिन करें

https://www.villageera.in/

विलेज ईरा के फेसबुक पेज को लाईक व फोलो करने के लिए नीचे दिए लिंक पर करें क्लिक

https://www.facebook.com/www.villageera.in/                                                                                 

विलेज ईरा के फेसबुक ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक कर करें ज्वाईन

https://www.facebook.com/groups/villageeeranews

विलेज ईरा से ट्विटर पर जुड़ें 

https://twitter.com/VillageEra       

विलेज ईरा के यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राईब करें                          

https://www.youtube.com/channel/UCM58Tgi-eFFG4PKBWg3fOgg


No comments

होम | गोपनीयता | साईट जानकारी | विज्ञापन रेट | आर्काईव | अस्वीकरण | हमारे साथ काम करें | हमारे बारे में | हमसे संपर्क करें |